अगर आप दिल्ली में शॉपिंग का और खाने-पीने की चीजों का लुत्फ उठाना चाहती हैं तो आपको जनकपूरी के दिल्ली हाट मार्केट में जरूर जाना चाहिए। युवाओं में यह मार्किट बहुत फेमस है और यहां बड़ी संख्या में लोग शॉपिंग करने आते हैं। तो आइए इस मार्किट से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातों के बारे में जानते हैं-
जनकपुरी का दिल्ली हाट मार्केट
राजधानी दिल्ली को फैशन की राजधानी भी कहा जाता है। दिल्ली में फैशन के दीवाने बहुत दूर-दूर से श़ॉपिंग के लिए आते हैं और वह हर चीज़ की परख एक जौहरी की तरह करते हैं। शादी की शॉपिंग के लिए तो पूरे देश के लोगों की पहली पसंद दिल्ली ही है। आज हम दिल्ली के एक ऐसे मार्केट की बात कर रहे हैं जहां आपको पूरे भारत की झलक दिख जाएगी और वह भी एक ही जगह पर। हम बात कर रहे हैं वेस्ट दिल्ली के जनकपुरी दिल्ली हाट क्राफ्ट बाजार की।
लखनवी सूट हो या फिर पंजाबी पटियाला, राजस्थानी पोशाक हो या फिर गुजराती लहंगा-चोली, मधुबनी की पेंटिंग हो या वहां की मशहूर हाथों की कढ़ाई की साड़ियां। यहां हर तरह के कपड़ों का स्टॉल लोगों को अपनी ओर खिंचता है।
शॉपिंग के लिए भारी भीड़
आप दिल्ली के किसी भी कोने से जनकपूरी दिल्ली हाट तक आसानी से पहुंच सकते हैं। इसके लिए आप बस या मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस जगह पर देश से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग घूमने और शॉपिंग करने के लिए आते हैं। यहां हर रोज स्टॉल लगाने वाले दुकानदारों की संख्या करीब 1 हजार है और फेस्टिवल में तो यह गिनती 10 हजार तक पहुंच सकती है।
युवाओं की पहली पसंद
ट्रडिशनल जूलरी और ड्रेसेस की मांग इस मार्केट में सबसे ज्यादा है। बड़ी संख्या में युवा यहां पहुंचते हैं और वह जमकर खरीददारी करते हैं। एथनिक लखनवी चिकन की सूट की डिमांड सबसे अधिक है। इन सूट के ऊपर हाथों से की गई कढ़ाई लोगों को अपनी और खिंचती है। खादी पसंद करने वाले लोगों के लिए भी यहां पर खादी फैब्रिक में कई फैंसी सूट, प्लाजो, अनारकली, लॉन्ग कुर्ती, टॉप आदि खरीद सकते हैं।
लाजवाब है यहां का हैंड मेड चॉकलेट
क्राफ्ट बाजार के साथ-साथ यहां खाने-पीने के भी कई स्टॉल लगाए गए हैं। जब दिल्ली हाट जनकपुरी में घूमते और शॉपिंग करते हुए आप थक जाते हैं, तो यहां पर अपनी भूख का इलाज चटपटे फूड आइटम्स के साथ कर सकते हैं। इस क्राफ्ट बाजार में आपको हैंड मेड चॉकलेट के भी कई फ्लेवर आसानी से मिल सकेंगे। आप अपने फ्रेंड्स को यहां की चॉकलेट भी गिफ्ट कर सकते हैं।