20 APRSATURDAY2024 2:38:49 PM
Nari

खाना खाने के बाद करेंगे ये 8 काम तो सेहत को होगा नुकसान

  • Edited By Anjali Rajput,
  • Updated: 04 Jun, 2018 05:09 PM
खाना खाने के बाद करेंगे ये 8 काम तो सेहत को होगा नुकसान

खाना खाने का तरीका: शरीर को सही पोषण मिलें इसके लिए जरूरी है कि आप हैल्दी और समय पर भोजन करें। लोगों को अक्सर शिकायत रहती है कि वह जो भी खाते हैं उसका असर उनके शरीर पर दिखाई नहीं देता और कुछ भी खाने से वजन बढ़ जाता है। इसका कारण आपकी वो गलत आदतें हैं, जिसे आप भोजन खाने के बाद करते हैं। जी हां, खाना खाने के बाद भी हमें कुछ खास बातों का ख्याल रखना होता है ताकि शरीर को पूरा पोषण मिल सके। खाने के बाद कुछ गलत आदतों के कारण पाचन संबंधित समस्या भी पैदा हो जाती है। आज हम अापको कुछ ऐसी बातें बता रहे हैं जिन्हें खाने के बाद करना सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। अगर आप भी कुछ ऐसा करते हैं तो अच्छी सेहत के लिए अब इन्हें करना छोड़ दें।

खाना खाने के बाद न करे ये काम

भोजन के बाद तुरंत पानी पीना

भोजन के ठीक बाद पानी बिलकुल नहीं पीना चाहिए।आयुर्वेद में खाना खाने के बाद पानी पीना जहर माना जाता है। दरअसल, तुरंत पानी पीने से खाना ठीक से नहीं पचता, जिससे आपको एसिडिटी, पेट में सूजन और पेट से संबधित अन्य बीमारियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए एक्सपर्ट के मुताबित खाना खाने के 45 मिनट बाद ही पानी का सेवन कीजिए। वैसे अगर आपके गले में खाना अटक रहा है तो आप एक-दो घूंट पी सकते हैं।

PunjabKesari

खाने के बाद चाय से करें परहेज

चाय की पत्तियों में उच्च अम्लीयता होती है, जो प्रोटीन के पाचन पर असर डालता है। इससे खाने के तुरंत बाद चाय का सेवन करने से पेट में जलन, सूजन आदि हो सकता है। इसके अलावा इससे पेट में अल्सर भी हो सकता है। इसलिए चाय और खाने के बीच कम से कम दो घंटे का फासला होना ही चाहिए।
 

सिगरेट से होगा ज्यादा नुकसान

सिगरेट पीना तो वैसे भी सेहत के लिए हानिकारक है लेकिन कुछ लोगों को लगता है कि इससे खाना डाइजेस्ट हो जाएगा, जोकि गलत है। एक्सपर्ट्स की मानें तो खाने के ठीक बाद स्मोक करना दस गुना खतरनाक हो सकता है। इससे हार्ट और सांस के साथ कैंसर का खतरा भी हो सकता है।
 

खाने के तुरंत बाद फलों का सेवन

कुछ लोग खाने के बाद मीठे में फलों का सेवन करते हैं लेकिन आपको बता दें यह भी सेहत के लिए हानिकारक है। अगर आप खाने के साथ ही फल खाते हैं तो फल पेट में ही चिपक जाते हैं और सही तरीके से इंटेस्टाइन तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में उनसे मिलने वाला पोषण अधूरा ही रह जाता है। इसलिए खाने के करीब एक घंटे बाद फलों का सेवन करना चाहिए। आप चाहें तो खाने के कुछ घंटे पहले भी फलों का सेवन कर सकते हैं।

PunjabKesari

तुरंत नहाने की न करें गलती

भोजन के बाद पाचन क्रिया शुरू हो जाती है और शरीर अपनी ऊर्जा खाने को पचाने में लगा देता है। मगर खाने के तुरंत बाद नहाने से यह पाचन क्रिया गड़बड़ा जाती है। इससे खाना ठीक से डाइजेस् नहीं हो पाता है और साथ ही आपको एसिडिटी, पेट में सूजन आदि होना शुरू हो जाता है। इसलिए खाने के आधे घंटे बाद ही नहाना चाहिए।
 

तुरंत टहलना भी है खतरनाक

भोजन करने के बाद सैर करना एक अच्छा आदत है लेकिन भोजन के तुरंत बाद टहलना भी सेहत को नुकसान पहुंचाता है। टहलने से शरीर की एनर्जी बर्न होती है जबकि खाना पचाने के लिए शरीर को एनर्जी की जरूरत होती है। ऐसे में खाने के 10-15 मिनट बाद टहलना एक अच्छी क्रिया हो सकती है लेकिन खाने के तुरंत बाद ही टहलने निकल जाना सेहत पर उल्टा असर डाल सकता है।
 

तुरंत सोएं नहीं

ज्‍यादातर लोगों को खाना खाने के बाद नींद आने लगती है, लेकिन खाने के तुरंत बाद सोना शरीर के लिए बहुत नुकसानदायक होता है। भोजन के बाद खाना पचने में कुछ समय लगता है लेकिन इसके तुरंत बाद सोने से डाइजेशन सिस्टम धीमा हो जाता है और खाना पच नहीं पाता। ऐसे में कोशिश करें कि खाने के तुरंत बाद न सोएं, नहीं तो इससे गैस और आंतों में इंफेक्शन होने का खतरा बढ़ जाएगा।
 

खाने के तुरंत बाद ब्रश न करें

खाना खाने के तुरंत बाद अक्सर लोग ब्रश करने चले जाते हैं। मगर क्या आप जानते हैं यह भी गलत है। खाने के तुरंत बाद ब्रश करने से आपके दांत कमजोर हो सकते हैं। इसलिए खाने के कम से कम आधे घंटे बाद ब्रश करें।

PunjabKesari

फैशन, ब्यूटी या हैल्थ महिलाओं से जुड़ी हर जानकारी के लिए इंस्टाल करें NARI APP

Related News