पंजाब केसरी (पेरेंटिंग) : बहुत छोटे शिशुओं या बच्चों को कई बार दस्त की समस्या हो जाती है जिस वजह से काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में कई बार बच्चे कुछ भी खाने से मना कर देते हैं जिससे उनके शरीर में कमजोरी आने का डर रहता है। दस्त के कारण बच्चों के शरीर में पानी और नमक की कमी हो जाती है जिस वजह से बच्चे का शरीर पीला पड़ जाता है। ऐसे में उन्हें खाने में कुछ हल्का-फुल्का ही देना चाहिए। बच्चों में दस्त लगने के कई कारण हो सकते हैं। आइए जानिए इसके कारण और इनको दूर करने के लिए बैस्ट आहार
दस्त के कारण -
- छोटे बच्चों को अक्सर पेट दर्द या खांसी-जुकाम लगा रहता है जिस वजह से उन्हें कई तरह की एंटीबॉयटिक दवाएं देनी पड़ती हैं। ये दवाएं बच्चों की एक समस्या तो ठीक कर देती हैं लेकिन कई बार इससे दस्त की परेशानी हो जाती है।
- 5-6 महीने के बच्चे जब फर्श पर बैठ कर खेलना शुरू करते हैं तो अक्सर वह अपने खिलौने और दूसरी हाथ में आने वाली चीजें मुंह में डाल लेते हैं। इस वजह से उनके पेट में इंफैक्शन हो जाता है और दस्त की समस्या हो जाती है।
- अधिक गर्मी की वजह से भी बच्चों में दस्त की समस्या हो जाती है। इसके अलावा खराब पाचन शक्ति के कारण भी यह परेशानी हो सकती है।
दस्त ठीक करने के लिए जरूरी आहार -
1. एप्पल सॉस
बच्चों को सेब की प्यूरी बनाकर देने से भी दस्त से राहत मिलती है। इसके लिए सेब को छीलें और काटकर पानी में डाल दें। इस पानी को सेब के पकने तक गर्म करें। इस पके हुए सेब को मसल कर प्यूरी बना कर बच्चों को खिलाने से फायदा होता है। ऐसे में सेब का जूस बिल्कुल नहीं पिलाना चाहिए।
2. अरारोट का हलवा
1 साल या उससे बड़े बच्चों को दस्त होने पर अरारोट का हलवा देना चाहिए। इसको बनाने के लिए 1 चम्मच अरारोट में थोड़ा-सा पानी मिलाकर अच्छे से घोल लें ताकि कोई गांठ न रह जाए। इसे धीमी आंच पर पकाने के लिए रखें। कुछ देर पकाने के बाद इसमें दही या छाछ और थोड़ा-सा नमक मिलाएं और अच्छी तरह हिलाएं। इसे दिन में एक बार बच्चे को खिलाने से फायदा होता है।
3. नीबूं के रस की चाय
पानी में चायपत्ती डालकर कुछ देर उबालें और छान कर इसमें आधा नीबूं मिलाएं। इसे पिलाने से दस्त की समस्या ठीक होती है। यह चाय केवल 3 साल या इससे बड़े बच्चों के लिए है।
4. छाछ
शरीर में गर्मी पड़ जाने पर छाछ पीना काफी फायदेमंद होता है। दस्त में इसके सेवन से बच्चों को काफी आराम मिलता है। छाछ में नमक और जीरा पाउडर मिलाकर पिलाने से बहुत लाभ होता है।
5. मां का दूध
ज्यादा छोटे शिशुओं में दस्त की समस्या को दूर करने के लिए मां का दूध सबसे बढ़िया आहार है। बच्चे को हाइड्रेट रखने के लिए इसमें सारे पोषक तत्व होते हैं।
6.गाजर
दस्त लगने पर बच्चों में बहुत कमजोरी आ जाती है। ऐसे में उन्हें ऊर्जा प्रदान करने के लिए उबले गाजर को मसल कर सेवन करवाना चाहिए।
7. दही
इस समस्या में बच्चों को दही खिलानी चाहिए। 7-8 महीने या उससे बड़े बच्चे के लिए यह बेहतर आहार है। ऐसे में हमेशा घर में जमा ताजा दही खिलाना फायदेमंद होता है।
8. दाल का पानी
दाल के पानी का सेवन करने से भी दस्त की समस्या से राहत मिलती है। इसके लिए पीली दाल का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है।