19 APRFRIDAY2024 1:05:42 AM
Life Style

मनपसंद गिफ्ट देकर कंजकों को करें खुश

  • Updated: 03 Apr, 2017 02:27 PM
मनपसंद गिफ्ट देकर कंजकों को करें खुश

पंजाब केसरी (नारी): मां दुर्गा के नवरात्रे चल रहे हैं। नवरात्रि शब्द का अर्थ है नौ रातें। नवरात्रि के शुभ अवसर पर देवी दुर्गा के नौ रूपों की (शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि,महागौरी, सिद्धिदात्री)पूजा की जाती है। इस दौरान लोग नवरात्रि व्रत रखते हैं और व्रत का समापन कन्या पूजन के साथ होता है।

ऐसे करें कंजक पूजन
मान्यता है कि नवरात्रि में रोज कन्या पूजन करना चाहिए लेकिन जो लोग रोज पूजन नहीं करते, वह अष्टमी या नवमी की सुबह कन्या पूजन कर सकते हैं। कन्या को देवी रूप मानकर इनका स्वागत किया जाता है जिससे देवी प्रसन्न होती हैं और भक्तों की समस्त मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। 

कन्या पूजन के दिन कन्याओं को घर पर आमंत्रित करें। उनकी उम्र 2 से 9 वर्ष हो क्योंकि इसी उम्र की कन्याओं को मां दुर्गा का रूप माना गया है। कन्याओं के साथ एक लोंगड़ा यानी लड़के को भी साथ बिठाते हैं। कहा जाता है कि लोंगड़े के अभाव में कन्या पूजन पूर्ण नहीं होता।  

कन्या और लोंगड़े के चरण धोकर उन्हें आसन पर बैठाएं। कलाई पर मौली बांधें और माथे पर रोली का तिलक लगाएं। मां दुर्गा को सुखे काले चने, हलवा, पूरी, खीर व फल आदि का भोग लगाकर कन्याओं और लोंगड़े को प्रसाद दें, साथ ही कुछ ना कुछ दक्षिणा अवश्य दें। घर से विदा करते समय उनसे आशीर्वाद के रूप में थपकी अवश्य लें। 

उपहार में दें ये चीजें
वैसे समय अब काफी मॉडर्न हो गया हैं इसलिए आप प्रसाद के साथ उन्हें मनपसंद चीजें उपहार में भी दे सकते हैं क्योंकि गिफ्ट पाकर हर बच्चा खुश होता है।  बाजार में आपको ऐसी बहुत सारी चीजें मिल जाएंगी जिन्हें आप कंजक पूजन में बच्चों को दे सकते हैं। ध्यान रहें ऐसी कोई भी गिफ्ट उन्हें ना दें जो उनके काम ना आए। ये उपहार उनकी उम्र के हिसाब से हो तो अच्छा है। कंजक पूजन में दिए जाने वाले गिफ्ट को लेकर बाजारों में खूब धूम मची हुई हैं। बस अपनी पसंद की चीजें लाएं और बच्चों को खुश करें।

एक्सेसरीज- लड़कियों को एक्सैसरीज बहुत पसंद आती है। आप उनके लिए नेकलेस, कलरफुल बैंग्ल्स, ब्रैस्लेट, हेयरबैंड, क्लिप्स, हेयरपिन छोटे इयररिंग आदि दे सकते हैं। लेकिन ये चीजें 6 से 9 साल की लड़कियों को दें तो अच्छा हैं क्योंकि वह इन चीजों का इस्तेमाल करना बखूबी जानती हैं।

स्टेशनरी- छोटे बच्चों को स्टेशनरी का सामान गिफ्ट में दिया जाए तो सबसे बढ़िया हैं ये चीजें उनके बहुत काम आती हैं। आप उन्हें पैंसिल बॉक्स, शॉर्पनर, पेंन, रबड़ और ड्राइंग कलर  दे सकते हैं। अगर बच्चे 4 से 5 साल के हैं तो उन्हें आप कविता-कहानी से जुड़ी किताबें भी दे सकते हैं। 

खिलौने- 2 से 3 साल के बच्चे खिलौने से खेलना ज्यादा पसंद करते हैं तो आप इन्हें बैलून, टैंडी, कलरफुल ब्लॉक गेम्स, एल्फाबेट्स गेमस आदि दे सकते हैं। 

स्कूल आइटम- बच्चे स्कूल में टिफ्फन, वॉटर बोतल, सिप्पर आदि की जरूरत तो पड़ती ही हैं आप उन्हें उनके मनपसंद कार्टून करैक्टर वाली ये चीजें भी दे सकते हैं। 

पिग्गी बैंक- अगर आप बच्चों को देने के लिए कोई चीज सिलैक्ट नहीं कर पा रहे तो उन्हें पिग्गी बैंक दीजिए। इससे उन्हें अपनी पॉकेट मनी सेव करने की अच्छी आदत भी पड़ेगी। इसे आप हर उम्र के बच्चे को दे सकते हैं।

Related News